scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशहर्ष विहार में झगड़े के दौरान गोलीबारी मामले में महिला समेत तीन गिरफ्तार

हर्ष विहार में झगड़े के दौरान गोलीबारी मामले में महिला समेत तीन गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार में होली मनाने के दौरान तेज आवाज़ में संगीत बजाने को लेकर पड़ोसियों में हुए झगड़े में गोली चलाने के आरोप में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना चार मार्च को प्रताप नगर में घटी। शिकायतकर्ता मोनू (29) ने आरोप लगाया कि वह होली मनाने के दौरान संगीत बजा रहा था, जब उसके पड़ोसी और उसकी बहन ने तेज आवाज पर आपत्ति जताई, जिससे उनके बीच बहस हो गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विवाद तब और बढ़ गया जब दोनों ने कथित तौर पर एक साथी को बुलाया जो मौके पर पहुंचा और गोलीबारी करने के बाद भाग गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि एक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से एक खोखा बरामद किया।

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने 30 वर्षीय व्यक्ति और उसकी 25 वर्षीय बहन का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि उनके पास से दो और खोखे बरामद किए गए।

अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उनके सहयोगी शुभम उर्फ मंगू (23) को गिरफ्तार किया, जो उत्तर प्रदेश के लोनी का निवासी है। पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि शुभम धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी से जुड़े तीन आपराधिक मामलों में पहले भी संलिप्त था।

भाषा नोमान अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments