scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशपंजाबी इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में तीन और आरोपी गुजरात से पकड़े गए

पंजाबी इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में तीन और आरोपी गुजरात से पकड़े गए

Text Size:

अहमदाबाद, 11 अक्टूबर (भाषा) पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की अमृतसर में हुई हत्या के सिलसिले में गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और वलसाड पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

एटीएस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपियों की पहचान हरसिमरनजीत सिंह उर्फ सीमू सिंगा, फतेह सिंह और अरमान सिंह के रूप में हुई है जिन्हें शनिवार को वलसाड जिले के वापी कस्बे से पकड़ा गया।

इससे पहले, अहमदाबाद अपराध शाखा ने तीन अक्टूबर को हुई संधू की हत्या में शामिल एक संदिग्ध शूटर परमिंदर काका उर्फ परमिंदर प्रसाद को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया था।

पुलिस के मुताबिक, परमिंदर कथित तौर पर गोल्डी ढिल्लों गिरोह से जुड़ा है।

पंजाब के अमृतसर में लोहारका रोड स्थित एक कार वॉशिंग सेंटर के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने संधू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में अमृतसर शहर के छावनी थाने में मामला दर्ज किया गया।

पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों के संबंध में गुजरात एटीएस के साथ सूचना साझा की थी।

जांच के दौरान एटीएस को पता चला कि तीन आरोपी गुजरात के वलसाड जिले के वापी में छिपे हैं। इसकी जानकारी वलसाड विशेष अभियान समूह (एसओजी) के साथ साझा की गई, जिसने तत्परता दिखाते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया।

एटीएस के अनुसार, पूछताछ के दौरान हत्या में उनकी कथित भूमिका का खुलासा हुआ। यह भी पता चला कि अपराध को अंजाम देने से पहले उन्होंने संधू की गतिविधियों की जानकारी जुटाई थी।

पंजाब पुलिस की एक टीम शनिवार को गुजरात एटीएस कार्यालय पहुंची और कानूनी कार्रवाई के लिए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

संधू सोशल मीडिया पर मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर अपने काम के लिए जाने जाते थे। वह पॉडकास्ट और डिजिटल मंचों पर मेकअप कला तथा लैंगिक मुद्दों पर बात करते थे।

उन्हें अपनी शैली और फैशन को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना और विरोध का भी सामना करना पड़ा था।

कुछ महीने पहले एक निहंग सिख ने उनके सोशल मीडिया पर साझा की जाने वाली विषयवस्तु और पहनावे पर आपत्ति जताई थी तथा उनसे कहा था कि उनके वीडियो का युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2.26 लाख फॉलोअर थे और उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘ओए भोले ओए’ में अभिनय भी किया था।

भाषा खारी शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments