श्रीनगर, 10 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर सरकार ने जल शक्ति विभाग के तीन कर्मचारियों को कथित रूप से राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने को लेकर बर्खास्त कर दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बर्खास्त किये गए तीन में से दो कर्मचारी किश्तवाड़ जिले के रहने वाले हैं जबकि एक दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले का निवासी है।
अधिकाकारियों के अनुसार, इनकी पहचान किश्तवाड़ के भगवान मोहल्ला हुलर निवासी लियाकत अली भगवान और किश्तवाड़ के हुंजाला निवासी कौसर हुसैन भगवान और अनंतनाग के इकबाल मोहल्ला बिजबेहारा निवासी शौकत अहमद जरगर के रूप में हुई है।
जल शक्ति विभाग के वित्तीय आयुक्त शालीन काबरा द्वारा जारी बर्खास्तगी आदेश के अनुसार, लियाकत अस्थायी श्रमिक के रूप में कार्यरत था और वह किश्तवाड़ के बेरवार में तैनात था।
आदेश में कहा गया है कि अस्थायी श्रमिक कौसर हुसैन भी किश्तवाड़ में पीएचई उप-मंडल के तहत हुलर में तैनात था जबकि शौकत बिजबेहारा में ‘दिहाड़ी मजदूर’ था।
आदेश के अनुसार, लियाकत और कौसर हुसैन के खिलाफ आतंकवादी कृत्यों में संलिप्तता, आतंकी साजिश रचने, आतंकवादियों को पनाह देने तथा किसी आतंकवादी संगठन की सदस्यता या समर्थन से संबंधित आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इसमें कहा गया है कि जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया था और मामला वर्तमान में विचाराधीन है।
इसी तरह, शौकत के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। इसमें आरोप पत्र पहले ही दायर किया जा चुका है और मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.