जयपुर, 27 मार्च (भाषा) राजस्थान के कई शहरों में शुक्रवार को ईमेल के जरिए डाकघरों और पासपोर्ट कार्यालयों में विस्फोटक रखे होने की धमकी मिली।
बहरहाल, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस ने बताया कि जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और अजमेर समेत कई शहरों में डाकघरों की इमारतों की तलाशी ली गयी।
जैसलमेर में एक ईमेल भेजा गया कि डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में विस्फोटक रखे हुए हैं। जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासन ने परिसर को तुरंत खाली करा लिया और गहन तलाशी ली। हालांकि, कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
इसी तरह बाड़मेर में भी ऐसी धमकी मिलने पर मुख्य डाकघर को खाली कराया गया और परिसर की व्यापक तलाशी ली गई। पुलिस ने बताया कि घंटों की जांच के बाद भी कुछ संदिग्ध बरामद नहीं हुआ और कर्मचारियों को काम पर लौटने की अनुमति दे दी गई।
बीकानेर में अधिकारियों को एक ईमेल मिला जिसमें प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। एहतियात के तौर पर परिसर को खाली करा लिया गया और बम निरोधक दस्ते तथा श्वान दस्ते ने उसकी तलाशी ली।
अजमेर में भी ऐसा ही वाकया हुआ।
उल्लेखनीय है कि इस महीने की शुरुआत में भी राज्य के डाकघरों और पासपोर्ट कार्यालयों में विस्फोटक रखे होने की ऐसी धमकियां मिलीं थीं जो जांच पड़ताल के बाद फर्जी निकलीं।
भाषा पृथ्वी गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.