नासिक, 25 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात की बात से इनकार कर दिया।
खबर थी कि दोनों नेताओं ने मुंबई में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर बातचीत की थी।
फडणवीस ने त्रयंबकेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘उद्धव ठाकरे के साथ गुप्त बैठक का क्या कारण है? हमारे पास गुप्त रूप से चर्चा करने के लिए कोई विषय नहीं है। अगर उद्धव ठाकरे मुझसे मिलना भी चाहें, तो हम खुलेआम मिल सकते हैं। ऐसी कोई बैठक नहीं हुई है।’
उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर झूठी खबरें फैला रहे हैं और ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स को नोटिस भेजे जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘ऐसे फर्जी समाचार खातों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’
वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) से जुड़े एक मीडिया हाउस ने दावा किया था कि फडणवीस और ठाकरे ने बुधवार की आधी रात को मुंबई में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में मुलाकात की थी।
छत्रपति शिवाजी महाराज और समर्थ रामदास के बीच ऐतिहासिक मुलाकात के बारे में धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणियों के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हमारे द्वारा पढ़े गए इतिहास या उपलब्ध पुस्तकों में ऐसा कोई उदाहरण नहीं है।’
उन्होंने कहा, ‘ऐसे दावों का समर्थन करने वाला कोई ऐतिहासिक प्रमाण नहीं है।’
भाषा तान्या रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.