(तस्वीर के साथ)
कोलकाता, 26 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को पश्चिम बंगाल में ‘महाजंगल राज’ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में तृणमूल सरकार को हटाने के लिए लोगों में ‘जबरदस्त उत्साह’ है।
भातर में एक रोड शो के दौरान ‘पीटीआई-वीडियो’ से बात करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘आपको ममता दीदी की सरकार को उखाड़ फेंकने और भाजपा को सत्ता में लाने के लिए लोगों के बीच उत्साह, उमंग और इच्छा नजर आ सकती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लोग इस ‘महाजंगल राज’ को अलविदा कहना चाहते हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि रोडशो के दौरान सड़कों पर उमड़ी भारी भीड़ राज्य में राजनीतिक परिवर्तन की प्रबल इच्छा को दर्शाती है।
बाद में, कोलकाता के बेहाला पश्चिम में एक अन्य रोड शो में, नड्डा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर अपना हमला दोहराते हुए उस पर शासन और विकास सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की समस्याएं और अवसरों की कमी’’ ने राज्य सरकार के खिलाफ जनता के गुस्से को भड़काया है और भाजपा पसंदीदा विकल्प के रूप में उभर रही है।
भाषा राजकुमार देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.