scorecardresearch
Saturday, 7 November, 2026
होमदेशराकांपा के दोनों धड़ों के विलय का कोई सवाल ही नहीं है: अनिल देशमुख

राकांपा के दोनों धड़ों के विलय का कोई सवाल ही नहीं है: अनिल देशमुख

Text Size:

नागपुर, छह नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ नेता अनिल देशमुख ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों विरोधी गुटों के विलय का कोई सवाल ही नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि जो भी उनके दल में शामिल होना चाहता है, उसका स्वागत है।

सत्तारूढ़ राकांपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने इससे पहले कहा था कि यदि तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष अजित पवार जीवित होते, तो दोनों गुटों का विलय इसी साल फरवरी में हो गया होता।

अजित पवार की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।

देशमुख ने नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दावा किया कि तटकरे विलय के मुद्दे पर बार-बार अपने बयान बदल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अजित पवार के जीवित रहते ही यह तय हो गया था कि राकांपा भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार से बाहर हो जाएगी और दोनों दलों का विलय हो जाएगा।

देशमुख ने कहा कि अजित पवार की अचानक मौत के बाद तटकरे ने दावा किया था कि तत्कालीन राकांपा अध्यक्ष ने दोनों विरोधी दलों के संभावित विलय के बारे में पार्टी नेताओं को कुछ नहीं बताया था।

पूर्व मंत्री ने सवाल किया कि अब तटकरे यह दावा क्यों कर रहे हैं कि अगर अजित पवार जीवित होते तो 12 फरवरी को दोनों गुटों का विलय हो गया होता।

देशमुख ने जोर देकर कहा कि सत्तारूढ़ राकांपा और विपक्षी राकांपा (शरदचंद्र पवार) के एक साथ आने का कोई सवाल ही नहीं है।

उन्होंने कहा, ”अगर कोई हमारी पार्टी में शामिल होना चाहता है तो उसका स्वागत है। हालांकि, दोनों दलों के विलय का कोई सवाल ही नहीं है।”

भाषा

जोहेब सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments