scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशकेरल में एलडीएफ के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर नहीं: मंत्री शिवनकुट्टी

केरल में एलडीएफ के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर नहीं: मंत्री शिवनकुट्टी

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 10 अप्रैल (भाषा) केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने राज्य में सत्तारूढ़ एलडीएफ (वाम लोकतांत्रिक मोर्चा) के खिलाफ सत्ता-विरोधी माहौल होने के दावों को शुक्रवार को खारिज कर दिया।

शिवनकुट्टी का तिरुवनंतपुरम के नेमोम निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और कांग्रेस नेता के. एस. सबरीनाथन के साथ त्रिकोणीय मुकाबला है।

उन्होंने दावा किया कि विपक्षी यूडीएफ (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) और भाजपा द्वारा कराए गए सर्वेक्षणों में भी संकेत मिला है कि सत्ता-विरोधी माहौल का विमर्श गढ़ने की कोशिश उन पर ही उलटी पड़ सकती है।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों के बीच ऐसी कोई भावना नहीं है। उन्होंने इसे यह सोचकर नहीं उठाया कि कहीं यह उनके ही खिलाफ न चला जाए।’’

सरकार के कामकाज को रेखांकित करते हुए शिवनकुट्टी ने कहा कि एलडीएफ सरकार अपने फैसलों को लागू करने में प्रभावी रही है और आम लोगों के लिए सुलभ बनी हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘आम लोगों के बीच सामान्य धारणा यह है कि यह ऐसी सरकार है जो उनके साथ खड़ी रहती है और उनकी चिंताओं का समाधान करती है।’’

मंत्री ने एलडीएफ की जीत की संभावनाओं को लेकर विश्वास जताया कि ये कारक राज्य में सत्तारूढ़ मोर्चे को सत्ता बरकरार रखने में मदद करेंगे।

शिवनकुट्टी ने निर्वाचन क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया रोडशो का जिक्र करते हुए दावा किया कि इसमें स्थानीय निवासियों की संख्या बहुत कम थी जबकि समर्थन का माहौल दिखाने के लिए बाकी लोगों को वाहनों से लाया गया था।

भाषा

सिम्मी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments