तिरुवनतंपुरम, तीन फरवरी (भाषा) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के साथ बैठक के बाद यूएई के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री तथा दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने मलयालम में एक ट्वीट किया,जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कई प्रवासी मलयालियों ने अपने सोशल नेटवर्किंग अकाउंट पर इसे साझा किया है।
ट्वीट के अलावा दुबई के शासक ने बुधवार को दुबई एक्सपो 2020 के आयोजन स्थल पर विजयन को दिए गए आतिथ्य सत्कार की तस्वीर भी साझा की। बाद में इस ट्वीट को विजयन ने अपने ट्विटर हैंडल पर साझा किया। शेख मोहम्मद बिन राशिद ने मलयालम में लिखा, ‘‘यूएई केरल के साथ एक विशेष संबंध साझा करता है। दुबई और यूएई की आर्थिक वृद्धि और विकास में केरलवासी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।’’
दिलचस्प बात यह है कि मुख्यमंत्री ने अरबी भाषा में ट्वीट के जरिए शेख मोहम्मद बिन राशिद को धन्यवाद देते हुए जवाब दिया। विजयन ने लिखा, ‘‘…आपके आतिथ्य और गर्मजोशी भरे स्वागत का आभारी हूं…।’’ विजयन ने कहा कि केरल, यूएई और दुबई के साथ सहयोग को और मजबूत करना चाहेगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि बुधवार को अपनी बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शेख मोहम्मद बिन राशिद को केरल के विकास में उनके देश के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने केरल में व्यापार-अनुकूल बेहतर वातावरण का वादा करते हुए राज्य के लिए और अधिक निवेश की बात कही।
इस अवसर पर दुबई के शहजादे शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम, संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री एवं दुबई के उप शासक शेख मकतूम बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम, अमीरात एयरलाइंस समूह के अध्यक्ष और दुबई नागरिक उड्डयन के अध्यक्ष शेख अहमद बिन सईद अल मकतूम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इस मौके पर केरल के उद्योग मंत्री पी राजीव, भारतीय राजदूत संजय सुधीर, महावाणिज्य दूत अमन पुरी आदि उपस्थित थे।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
