कलबुर्गी, 20 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर ‘सत्ता संघर्ष व आंतरिक कलह’ चरम पर पहुंच गई है और मुख्यमंत्री का बदला जाना अपरिहार्य है।
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा नौ अप्रैल को होने वाले बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा सीट पर उपचुनाव में जीत हासिल करेगी।
विजयेंद्र ने दावा किया कि राज्य में कांग्रेस सरकार को ‘मजबूत सत्ता-विरोधी लहर और जनता की निराशा’ का सामना करना पड़ रहा है।
विजयेंद्र ने कहा, “सत्ता संघर्ष और आंतरिक कलह (कांग्रेस में) चरम पर पहुंच गई है। अगर उपचुनावों की घोषणा नहीं की जाती तो स्थिति पूरी तरह बदल चुकी होती, संभवतः जारी विधानसभा सत्र (जो 27 मार्च को समाप्त होने वाला है) के तुरंत बाद। उपचुनावों की वजह से इसे शायद पंद्रह दिन के लिए टाल दिया जाएगा।।”
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, “कांग्रेस सरकार में जारी संकट के मद्देनजर मुख्यमंत्री पद में बदलाव अपरिहार्य है।”
भाजपा नेता ने कहा, “हाल ही में विधानसभा में सत्ताधारी दल के कुछ विधायकों से बात करने पर उन्होंने विश्वास जताया कि कुछ न कुछ परिणाम जरूर निकलेंगे और मुख्यमंत्री इस्तीफा दे देंगे। लेकिन उन्हें यह तय करना होगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।”
उन्होंने कहा, “गरीब लोग परेशान हैं, किसान संकट में हैं, युवा भी नाखुश हैं और इस सरकार के खिलाफ हैं। इसलिए, मुझे पूरा विश्वास है कि सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की घोर सत्ता-विरोधी और जनविरोधी नीतियों के कारण, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों की जनता भाजपा को जीत दिलाएगी।”
भाजपा ने केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूरी के बाद बागलकोट से वीरभद्रय्या चरंतिमठ और दावणगेरे दक्षिण से श्रीनिवास टी. दासकारियप्पा को चुनाव मैदान में उतारा है।
ये उपचुनाव मौजूदा कांग्रेस विधायकों एचवाई मेती और शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के बाद हो रहा है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
