scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशउत्तराखंड के लोहाघाट में बनेगा प्रदेश का पहला महिला खेल महाविद्यालय

उत्तराखंड के लोहाघाट में बनेगा प्रदेश का पहला महिला खेल महाविद्यालय

Text Size:

देहरादून, 27 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के चंपावत जिले में 256 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला महिला खेल महाविद्यालय बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहाघाट क्षेत्र के छमनिया में बनाए जा रहे इस महाविद्यालय का शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सभी कार्य तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरा करने के निर्देश दिए ।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन फुटबॉल मैदान, एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान, वॉलीबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक सहित अन्य खेल मैदानों की प्रगति की समीक्षा की तथा 300 लड़कियों की क्षमता वाले छात्रावास, कर्मियों के लिए क्वार्टर (आवास), प्रशासनिक भवन, अकादमिक ब्लॉक, बहुउद्देशीय सभागार, प्रेक्षागृह एवं अतिथि गृहों के निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली।

इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तथा लोकसभा सदस्य अजय टम्टा भी मौजूद थे।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महिला खेल महाविद्यालय प्रदेश की बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं प्रदान करेगा जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह संस्थान, प्रशिक्षण, शिक्षा एवं आवास की समग्र व्यवस्था उपलब्ध कराते हुए विशेष रूप से ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करेगा।’’

भाषा दीप्ति सिम्मी नमिता

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments