scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशनासिक कुंभ मेले से जुड़ी आधिकारिक वेबसाइट की 31 अक्टूबर को ध्वजारोहण समारोह के दौरान होगी शुरुआत

नासिक कुंभ मेले से जुड़ी आधिकारिक वेबसाइट की 31 अक्टूबर को ध्वजारोहण समारोह के दौरान होगी शुरुआत

Text Size:

नासिक, 22 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक-त्र्यंबकेश्वर में आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए एक एकीकृत आधिकारिक वेब पोर्टल विकसित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और आगंतुकों को अपनी कुंभ यात्रा की योजना बनाने और मार्गदर्शन के लिए एक विश्वसनीय एवं एकल-बिंदु सूचना स्रोत प्रदान करना है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बृहस्पतिवार को बताया गया कि नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण (एनटीकेएमए) वेबसाइट विकसित कर रहा है, जिसका स्थिर संस्करण (स्टैटिक वर्जन) 31 अक्टूबर को ध्वजारोहण समारोह के दौरान जारी किया जाएगा।

ध्वजारोहण समारोह नासिक शहर और उसके पास के त्र्यंबकेश्वर मंदिर नगर में सिंहस्थ कुंभ मेले की आधिकारिक शुरुआत का प्रतीक होगा। यह विशाल धार्मिक आयोजन 31 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 2028 के मध्य तक चलेगा। हालांकि, अमृत स्नान के सबसे शुभ दिन 2027 में पड़ेंगे।

विज्ञप्ति में कहा गया कि शुरुआत में पोर्टल पर नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला 2027 की डिजिटल मौजूदगी स्थापित की जाएगी और इससे संबंधित बुनियादी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

पोर्टल पर नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ के आध्यात्मिक महत्व, इतिहास, परंपराओं और अनुष्ठानों से जुड़ी जानकारी के लिए एक विशेष सूचना केंद्र प्रस्तावित है। इसमें प्रमुख मंदिरों, घाटों, अखाड़ों, धार्मिक स्थलों और तीर्थयात्रियों के लिए मार्गदर्शन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी, जिससे श्रद्धालु आयोजन के महत्व को समझ सकेंगे और अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे।

यात्रा और सफर की योजना से जुड़ी जानकारी में हवाई, रेल, सड़क और स्थानीय परिवहन के विकल्पों के साथ नासिक और करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित त्र्यंबकेश्वर पहुंचने के संबंध में जानकारी दी जाएगी। मंच के विकसित होने के साथ इसमें पार्किंग क्षेत्रों, यातायात मार्गों में बदलाव, प्रवेश और निकास बिंदुओं, शटल सेवाओं, पैदल मार्गों और परिवहन विकल्पों की जानकारी भी शामिल करने की योजना है।

भाषा प्रचेता अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments