मदिकेरी (कर्नाटक), 20 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक ने शनिवार को दावा किया कि कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सिद्धरमैया जब बारिश संबंधी नुकसान की समीक्षा के लिए कोगाडु जिले जा रहे थे, तब उनकी कार पर अंडे फेंकने वाला व्यक्ति कांग्रेस का कार्यकर्ता था।
गत 18 अगस्त को सिद्धरमैया के खिलाफ प्रदर्शन करने के मामले में भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें संपत नामक व्यक्ति भी शामिल था। घटना के वायरल हुए वीडियो संपत कथित रूप से सिद्धरमैया की कार पर अंडे फेंकता दिखाई देता है।
हालांकि भाजपा विधायक एम.पी. अपाचू रंजन ने संपत से दूरी बनाते हुए दावा किया कि वह भाजपा का नहीं बल्कि कांग्रेस का कार्यकर्ता है।
विधायक के आरोपों के बाद संपत ने कहा कि वह वास्तव में एक कांग्रेस का ही कार्यकर्ता है और अपनी पार्टी के नेता सिद्धरमैया की पूर्व में की गई इस कथित टिप्पणी से नाराज है कि कोडावा गोमांस खाते हैं।
संपत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”मैंने (भाजपा द्वारा आयोजित) प्रदर्शन के कारण नहीं बल्कि सिद्धरमैया के बयान की वजह से अंडे फेंके थे। मैंने कोडागु के लोगों के गोमांस खाने संबंधी सिद्धरमैया की आपत्तिजनक टिप्पणियों और उनके द्वारा टीपू सुल्तान के समर्थन में बयान देने के कारण ऐसा किया।”
संपत ने कहा कि कोडागु के अनेक लोग 18वीं सदी के मैसूरु के शासक टीपू सुल्तान को नापसंद करते हैं।
उसने कहा, ”मुझे (सिद्धरमैया के) बयान अच्छे नहीं लगे। मैं पहले हिंदू हूं और फिर कांग्रेस का कार्यकर्ता।”
इससे पहले रंजन ने पत्रकारों से कहा, ”कांग्रेस का झंडा, शॉल और बैनर पकड़े संपत की तस्वीरें सामने आई हैं। अगर यह साबित हो जाता है कि वह हमारी पार्टी का सदस्य है, तो हम उसे निकाल देंगे..।”
रंजन के मुताबिक संपत के पिता सुंदरमूर्ति भाजपा में थे।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.