scorecardresearch
Wednesday, 6 May, 2026
होमदेशअसम में नए CM का फैसला विधायक दल करेगा: हिमंत बिस्वा सरमा, BJP ने केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए

असम में नए CM का फैसला विधायक दल करेगा: हिमंत बिस्वा सरमा, BJP ने केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए

उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है, क्योंकि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है.

Text Size:

गुवाहाटी: असम के कार्यवाहक मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को अपना इस्तीफा देकर नई सरकार के गठन का रास्ता साफ कर दिया. इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जो नए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे.

पत्रकारों से बात करते हुए सरमा ने कहा, “जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है. अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला विधायक दल करेगा. विधायक दल की बैठक के बाद हम फिर लोक भवन जाएंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.”

उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है, क्योंकि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है.

इससे पहले सरमा ने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना औपचारिक इस्तीफा सौंप दिया. इसके साथ ही मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो गया और राज्य में लगातार तीसरी बार बीजेपी सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है.

लोक भवन के बाहर मीडिया से बात करते हुए सरमा ने कहा कि राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम जारी रखने को कहा है.

उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग ने आधिकारिक तौर पर नतीजे घोषित कर दिए हैं और राज्यपाल को अधिसूचना सौंप दी गई है. मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और वर्तमान विधानसभा को भंग करने का अनुरोध किया. राज्यपाल ने मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और मुझे नई सरकार बनने तक कार्यवाहक के रूप में काम जारी रखने को कहा है.”

मंगलवार को सरमा ने असम की जनता का आभार जताया और कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के विकास कार्यों पर जनता के भरोसे को दिखाता है.

share & View comments