लखनऊ, 19 सितंबर (भाषा) लखनऊ विश्वविद्यालय में 20 सितंबर से गोमती पुस्तक महोत्सव के चौथे संस्करण की शुरुआत होगी, जो 28 सितंबर तक चलेगा। इसमें साहित्यिक सत्रों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बच्चों की गतिविधियों के साथ ही अन्य सत्र आयोजित होंगे।
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव में प्रवेश प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक निःशुल्क रहेगा। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार और लखनऊ विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
यह घोषणा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर मनुका खन्ना और एनबीटी के निदेशक युवराज मलिक ने यहां पत्रकार वार्ता में की।
कार्यक्रम का विवरण साझा करते हुए कुलपति खन्ना ने कहा, ‘‘गोमती पुस्तक महोत्सव ने हमें निकट भविष्य में एनबीटी के सहयोग से और अधिक साहित्य तथा पुस्तक प्रचार कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित किया है।’’
युवराज मलिक ने कहा कि जनता के भारी समर्थन के कारण यह महोत्सव रिवरफ्रंट स्थित अपने पूर्व स्थल से लखनऊ विश्वविद्यालय में स्थानांतरित हो गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस चौथे संस्करण में पहले से कहीं अधिक साहित्यिक सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और बच्चों की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। चौथा गोमती पुस्तक महोत्सव लखनऊ में कला, संस्कृति और साहित्य का मिलन स्थल बनेगा।’’
नौ दिवसीय इस आयोजन में 225 से अधिक पुस्तक स्टॉल होंगे, जिन पर हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और कई भारतीय भाषाओं में हजारों पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी।
भाषा किशोर आनन्द शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.