नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) दिल्ली के खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक महीने के दौरान राष्ट्रीय राजधानी की अलग-अलग मंडियों में 4100 किलोग्राम मिलावटी खोया व पनीर नष्ट किया है और संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत अभियोजन की कार्रवाई शुरू की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
इसमें कहा गया है कि सरकार ने त्योहारी सीजन में दिल्लीवासियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर यह कार्रवाई की है।
बयान के मुताबिक, इसके अलावा मोरी गेट खोया मंडी से लिए गए 30 नमूनों में 22 मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए जबकि पनीर-छेना के 19 नमूनों में 12 निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
इसमें कहा गया है कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने बीते एक महीने के दौरान दिल्ली के प्रमुख बाजारों और खाद्य बिक्री केंद्रों पर लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया है। इन अभियानों के तहत ओखला सब्जी मंडी, मोरी गेट खोया मंडी, बाग दीवार, संजय मार्केट, छोटी सब्जी मंडी जनकपुरी, मोची मार्केट-शाहदरा, गाजीपुर और झील सहित विभिन्न स्थानों पर खोया, पनीर, छेना और घी की जांच की गई।
बयान में कहा गया है, “विभाग की कार्रवाई के दौरान अब तक 4,100 किलोग्राम से अधिक खोया और पनीर ऐसा पाया गया, जिस पर मिलावट का संदेह था। प्रवर्तन कार्रवाई के तहत इस संदिग्ध खाद्य सामग्री को नष्ट कर दिया गया ताकि इसे बाजार में दोबारा बेचकर लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा न किया जा सके।”
इसके मुताबिक, विभाग ने जांच में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत अभियोजन की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बयान में कहा गया है कि त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई की जिसके तहत खारी बावली, ओखला सब्जी मंडी, पूर्वी दिल्ली के झील क्षेत्र और पश्चिमी दिल्ली की जनकपुरी मंडी समेत विभिन्न स्थानों पर जांच की गई।
इस दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने और केवल वास्तविक एवं मानकों के अनुरूप खाद्य उत्पादों की बिक्री करने की हिदायत दी गई है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “ त्योहार खुशियों और उत्सव के लिए है और इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मिठाइयों और दूध से बने उत्पादों की खरीदारी करते हैं। ऐसे में मिलावट के जरिए लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ दिल्ली सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। मिलावट किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और खाद्य सुरक्षा विभाग त्योहारों के दौरान गहन प्रवर्तन अभियान चलाता रहेगा।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.