कोलकाता, 29 मार्च (भाषा) कोलकाता में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राजभवन के दरवाजे आम लोगों के लिए खोले जाएंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने राजभवन की एक प्रतीकात्मक चाबी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपी, जिन्होंने सोमवार शाम आयोजित रात्रिभोज के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उसे सौंप दिया।
हालांकि, आम लोगों के लिए राज्यपाल के आधिकारिक आवास के खुलने की तारीख और समय के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है।
राज्यपाल के आधिकारिक आवास की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि राजभवन जल्द ही परिसर में ‘‘विरासत यात्रा’’ शुरू करेगा।
बयान के अनुसार, ‘‘सोमवार को राज्यपाल बोस ने राज भवन में राष्ट्रपति के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया, जहां मुख्यमंत्री भी मौजूद थीं। राष्ट्रपति ने वहां प्रतीकात्मक चाबी मुख्यमंत्री को सौंपी। ’’
भाषा निहारिका नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
