नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता अभिजीत दीपके ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से उनकी लंबी भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि देश को वांगचुक की ज़रूरत है और उनकी जान को खतरे में नहीं डाला जाना चाहिए.
दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हम सोनम वांगचुक जी से अनुरोध करते हैं कि वे अपना अनशन खत्म करें. देश को उनकी ज़रूरत है और उनकी ज़िंदगी बहुत कीमती है. जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन हमारी मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा.”
We request @Wangchuk66 sir to end his hunger strike. The country needs him, and his life is far too precious to be put at further risk.
The peaceful protest at Jantar Mantar will continue until our demands are met. pic.twitter.com/rCfygpuCH6
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) July 22, 2026
उन्होंने कहा कि बुधवार को वांगचुक के अनशन का 25वां दिन है और इतने दिनों से बिना खाना खाए रहने की वजह से उनकी जान को गंभीर खतरा है.
दीपके ने कहा, “मैं नहीं चाहता कि सोनम सर को कुछ हो. इसलिए उनसे अनशन खत्म करने की अपील करता हूं, लेकिन मैं भरोसा देता हूं कि अगर वह अनशन तोड़ भी देते हैं, तब भी हमारा आंदोलन जारी रहेगा. जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, हम पीछे नहीं हटेंगे.”
उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और सभी समर्थकों से भी शांति बनाए रखने की अपील की.
दीपके ने कहा, “हम ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे हमारे आंदोलन या देश की बदनामी हो. हमारा आंदोलन महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के रास्ते पर शांतिपूर्वक चलता रहेगा.”
इस बीच, बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई होनी है. इसमें सोनम वांगचुक के जंतर-मंतर पर चल रहे अनशन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई की स्वतंत्र जांच कराने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार की सुरक्षा की मांग की गई है.
याचिका में आरोप लगाया गया है कि 18 जुलाई को पुलिस ने प्रदर्शन स्थल खाली कराया, कई प्रदर्शनकारियों को उनकी इच्छा के खिलाफ हटाया या हिरासत में लिया और जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया.
याचिकाकर्ता ने अदालत से यह भी मांग की है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ जबरदस्ती, गैरकानूनी हिरासत, धमकी या अनावश्यक बल प्रयोग पर रोक लगाने का आदेश दिया जाए.