देहरादून, एक फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 2026-27 के लिए पेश केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए रविवार को कहा कि इससे देश और राज्यों के विकास को नई दिशा मिलने के साथ ही सभी वर्गों के लिए अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में आर्थिक विकास तेज करने, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ-सबका विकास सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी और समावेशी बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि इसमें किसानों, महिलाओं, वंचितों, युवाओं, छोटे उद्यमियों और पिछड़े वर्ग पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं जो पूरे देश के साथ ही उत्तराखंड के लिए भी लाभकारी साबित होंगे।
धामी ने कहा कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल ‘माउंटेन ट्रेल्स’ विकसित करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के परिपेक्ष में बजट ने पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित किया है, जो विकास के लिए जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, पशुपालन, पर्यटन एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई ) के वास्ते किए गए बजट प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि बजट में पर्यावरण और ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल प्रोद्यौगिकी और बायोफार्मा क्षेत्र में किए गए निवेश से राज्य और देश दोनों का दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट सबका साथ, सबका विकास और आत्मनिर्भर भारत के उद्देश्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक ताकत को बढ़ाएगा, बल्कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान रूप से विकास के अवसर देगा।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूरी तरह सहयोग करेगी ।
भाषा दीप्ति नोमान
नोमान
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
