लखनऊ, 25 जुलाई (भाषा) कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) समेत उत्तर प्रदेश के विपक्षी दलों ने शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सच को दबाने की कोशिश करने वाली भाजपा सरकार को आज युवाओं की ज़िद के आगे झुकना ही पड़ा।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर नयी दिल्ली के जंतर मंतर समेत देशभर में जारी विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेजा।
प्रधान ने ‘एक्स’ पर अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री को भेज दिया है।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘लाठियों, आंसू गैस और पुलिसिया दमन के बल पर सच को दबाने की कोशिश करने वाली भाजपा सरकार को आज युवाओं की ज़िद के आगे झुकना ही पड़ा।’’
उन्होंने कहा,‘‘यह जीत देश के लाखों उन मेहनती विद्यार्थियों की है जो रातों-रात अपने भविष्य के लिए सड़कों पर डटे रहे। हमारे नेता राहुल गांधी जी और कांग्रेस का हर कार्यकर्ता युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ा था और रहेगा।’’
राय ने कहा कि अब मांग स्पष्ट है–इस पूरे तंत्र की गहराई से जांच हो और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी दोषी को न बख्शा जाए।
अमेठी से कांग्रेस के सांसद किशोरी लाल शर्मा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा के बाद कहा, ‘‘यह बहुत पहले हो जाना चाहिए था। विद्यार्थी एवं युवा इसके लिए प्रदर्शन कर रहे थे और इंडिया गठबंधन छात्रों के समर्थन में था। यह विद्यार्थियों ,विपक्ष और लोकतंत्र की एक बड़ी जीत है।’’
अमेठी में जिला जिला सतर्कता निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में हिस्सा लेने के बाद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि आज कहा जा सकता है कि देर आए दुरुस्त आए, यही अगर पहले हुआ होता तो हमारे छात्र बच्चे घायल ना हुए होते।
शर्मा ने कहा कि धरना प्रदर्शन विपक्ष का अधिकार है, अंग्रेजों के खिलाफ गांधी जी धरने पर बैठ जाते थे तो वह भी झुक जाते थे लेकिन यह सरकार तानाशाही रवैया अपनाये हुए थी तथा छात्रों एवं विपक्ष की बात सुनने को तैयार नहीं थी।
उधर, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘यह देश के नौजवानों की जीत है। यह मोदी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) के अहंकार की हार है। ’’
सपा विधायक और अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल ने कहा, ‘‘शिक्षा मंत्री का इस्तीफा देश के छात्र युवाओं की जीत है…।भारत की तरुणाई का क्रांतिकारी अभिवादन।’’
भाषा आनन्द सं
राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.