जयपुर, 13 मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और किसानों के हितों की रक्षा व उनके कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुवाहाटी में पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के अंतपण कार्यक्रम को संबोधित किया, जिसमें मुख्यमंत्री शर्मा आनलाइन जुड़े।
शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा व उनके कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि इसी क्रम में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू की गई है, जिसके तहत पात्र किसानों को हर साल राज्य सरकार की ओर से तीन हजार रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस सम्मान निधि की राशि को चरणबद्ध रूप से 12 हजार रुपये तक बढ़ाने के लिए कृत संकल्पित है।
एक बयान के अनुसार, पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त में राजस्थान के 66.76 लाख से अधिक किसानों को 1,355 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गयी।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
