scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशबुलंदशहर में तिहरे हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल,

बुलंदशहर में तिहरे हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल,

Text Size:

बुलंदशहर (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में जन्मदिन के केक की क्रीम चेहरे पर लगाने को लेकर उपजे विवाद के बाद घटित तिहरे हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों में से एक, पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

तिहरे हत्याकांड की घटना शनिवार रात एक जिम में हुई, जहां जीतू नामक युवक के जन्मदिन की पार्टी हो रही थी। इस हत्याकांड से सदमे में आये मृतकों के परिजन ने सरकार से ‘बुलडोजर न्याय’ की मांग की है।

अधिकारियों ने बताया कि कहासुनी के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों अमरदीप (30), मनीष (28) और आकाश (18) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने अनुसार जांच में पाया गया कि जीतू के जन्मदिन की पार्टी के दौरान आपसी कहासुनी होने पर दोस्तों के बीच विवाद हुआ था।

खुर्जा के पुलिस क्षेत्राधिकारी शोभित कुमार ने कहा, ‘‘जन्मदिन की पार्टी में केक लगाने की बात सामने में आई है जिसके कारण यह विवाद हुआ। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।’’

पीड़ित परिवार से ताल्लुक रखने वाले संजय ने बताया कि मनीष उनके छोटे भाई थे, आकाश भतीजे और अमरदीप उनके चाचा के बेटे थे।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर तीन आरोपियों—रूपेश, मयंक और नरेश को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी मयंक ने बताया कि उसने एक अवैध हथियार एक फ्लाईओवर के नीचे छिपाया है। खुर्जा नगर पुलिस और स्वाट टीम उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने वहां पहुंची।

खुर्जा के पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि इसी दौरान मयंक ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया और छिपाए गए हथियार से पुलिस टीम पर गोली चला दी, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मयंक के पैर में गोली लग गई।

उन्होंने बताया कि आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुर्जा के ही निवासी मयंक के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक खोखा बरामद हुआ है।

कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

मात्र केक की क्रीम चेहरे पर लगाने को लेकर हुए झगड़े के बाद खानदान के तीन नौजवानों की हत्या से परिवार के लोग बेहद गमगीन हैं और उनमें से कई तो राज्य सरकार से ‘बुलडोजर न्याय’ की मांग कर रहे हैं।

मृतक मनीष के भाई संजय ने अभियुक्तों पर सख्त कार्यवाही की मांग करते हुए कहा कि आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिये। हालांकि उन्होंने पुलिस की कार्यवाही से संतुष्टि जतायी।

मृतक अमरदीप की बहन राधा ने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों से बुलडोजर कार्रवाई के जरिये निपटती रही है और वह चाहती हैं कि उनके भाई के हत्यारों के घरों पर भी बुलडोजर चले।

अमरदीप के पिता सरुप ने भी ‘बुलडोजर न्याय’ की मांग करते हुए कहा कि केक की क्रीम चेहरे पर लगाने जैसी मामूली बात को लेकर तीन युवकों की हत्या कर देने की मानसिकता वाले अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिये।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उम्मीद है कि वह पीड़ित परिवार को न्याय जरूर दिलाएंगे।

भाषा सं आनन्द सलीम रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments