scorecardresearch
Thursday, 9 July, 2026
होमदेशठीक से काम न करने वाले अधिकारियों को निलंबन के शिंदे के आदेश के बाद ठाणे प्रशासन हरकत में

ठीक से काम न करने वाले अधिकारियों को निलंबन के शिंदे के आदेश के बाद ठाणे प्रशासन हरकत में

Text Size:

ठाणे, नौ जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में लगातार बढ़ रही बारिश संबंधी शिकायतों के बीच ‘काम नहीं करने वाले’ नगर निकाय अधिकारियों को निलंबित करने के उपमुख्यमंत्री की ओर से निर्देश दिए जाने के बाद जिला प्रशासन ने खतरनाक और सूखे पेड़ों की प्राथमिकता के आधार पर छंटाई करने तथा व्यावसायिक होर्डिंग्स और एलईडी स्क्रीन की संरचनात्मक जांच कराने का आदेश दिया है।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल ने जिले के सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों को कई तरह के कदम उठाने का निर्देश देते हुए एक कार्यालयी परिपत्र जारी किया है।

स्थानीय निकायों से कहा गया है कि वे तुरंत निरीक्षण करें और विद्यालयों, महाविद्यालयों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों के पास खतरनाक या सूखे पेड़ों की छंटाई को प्राथमिकता दें।

इसमें कहा गया है कि बिजली के करंट से बचने के लिए, टीमों को राज्य की बिजली कंपनी एमएईडीसीएल के साथ मिलकर काम करना चाहिए और बिजली की तारों को छूने वाली शाखाओं को तुरंत हटाना चाहिए।

विज्ञप्ति में कहा गया है,‘‘जन-स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सभी सरकारी और निगम अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि दवाइयां, रक्त भंडार, डॉक्टर और नर्सिंग कर्मी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हों।’’

इसमें यह भी कहा गया है कि अचानक बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए ज़्यादा क्षमता वाले ‘सक्शन पंप’, ‘जनरेटर’, ‘जेसीबी और क्रेन को अक्सर बाढ़ की चपेट में आने वाले निचले इलाकों में तैनात रखा जाना चाहिए।

ज़िला प्रशासन ने सभी वाणिज्यिक होर्डिंग, ‘एलईडी स्क्रीन’, स्वागत द्वारों और निर्माण स्थलों पर लगी सुरक्षा जालियों की ढांचागत जांच के आदेश भी दिए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी गैर-कानूनी या ढाचांगत रूप से कमज़ोर ‘बिलबोर्ड’ को तुरंत हटा दें।

बुधवार को यहां क्षेत्रीय आपदा इकाई के नियंत्रण कक्ष के दौरे के दौरान, ठाणे के प्रभारी शिंदे ने ‘ट्री अथॉरिटी’ और आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पेड़ों की छंटाई में देरी एवं कर्मियों की भारी कमी के लिए फटकार लगाई।

उन्होंने ‘‘ठीक से काम न करने वाले’’ अधिकारियों को तुरंत एक हफ़्ते के लिए निलंबित करने और उनका तबादला करने का निर्देश दिया।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments