scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशठाणे: सस्ते घर दिलाने का झांसा देकर 11 व्यक्तियों से ठगी

ठाणे: सस्ते घर दिलाने का झांसा देकर 11 व्यक्तियों से ठगी

Text Size:

ठाणे, 30 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में जालसाजों ने सरकारी योजना के तहत सस्ते घर दिलाने का झांसा देकर 11 लोगों से ठगी की और उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी बैंक खाते खोलकर बड़े वित्तीय लेनदेन किए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मामले की शिकायतकर्ता 54 वर्षीय महिला उल्हासनगर की निवासी है। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने महाराष्ट्र गृहनिर्माण एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण की योजना के तहत रियायती दर पर घर दिलाने का वादा कर उसका विश्वास जीता।

हिल लाइन थाने के एक अधिकारी के अनुसार, आरोपियों ने शिकायतकर्ता समेत अन्य लोगों को कम कीमत पर फ्लैट दिलाने का लालच दिया और पिछले दो वर्षों में उनसे पैसे वसूले।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ितों के व्यक्तिगत विवरण का दुरुपयोग करते हुए सिम कार्ड हासिल किए, ईमेल आईडी बनाई और उनके नाम पर बैंक खाते खोले।

अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों ने 11 पीड़ितों में से प्रत्येक से 5,000 रुपये वसूल कर कुल 55,000 रुपये एकत्र किए। इसके बाद उन्होंने पीड़ितों के नाम पर खोले गए बैंक खातों का उपयोग बड़े वित्तीय लेनदेन के लिए किया।

उन्होंने कहा, “आरोपियों ने जाली हस्ताक्षरों और फर्जी दस्तावेजों के जरिए विभिन्न कंपनियों और बिल्डरों के बैंक खातों में धनराशि स्थानांतरित की।”

महिला की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments