scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमदेशतेलंगाना: ट्रक से ऑटो-रिक्शा पर ग्रेनाइट पत्थर गिरने से तीन लोगों की मौत

तेलंगाना: ट्रक से ऑटो-रिक्शा पर ग्रेनाइट पत्थर गिरने से तीन लोगों की मौत

Text Size:

महबूबाबाद (तेलंगाना), एक जनवरी (भाषा) तेलंगाना के महबूबाबाद जिले के कुरावी गांव में एक लॉरी (ट्रक) से ले जाये जा रहे ग्रेनाइट पत्थर ऑटो-रिक्शा पर गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपाधीक्षक (महबूबाबाद टाउन) के. सदैया के अनुसार, दोरनाकल मंडल के मुगोरिगुडेम गांव से आठ लोग शनिवार रात कुरवी गांव में नए साल का जश्न मनाने के लिए ऑटो-रिक्शा से यात्रा कर रहे थे, तभी एक लॉरी से कुछ बड़े ग्रेनाइट पत्थर ऑटो-रिक्शा पर गिर गये।

सदैया ने बताया कि लॉरी से कुछ पत्थर फिसल कर तिपहिया वाहन पर गिर गए, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की महबूबाबाद के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान ऑटो-रिक्शा चालक बनोथु सुमन (35), वाई श्रीकांत (30) और डी नवीन (30) के रूप में हुई है, जबकि पांच घायलों का इलाज जारी है जिनमें से दो की हालत गंभीर है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना के सिलसिले में कुरावी पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।

भाषा जितेंद्र सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments