हैदराबाद, 23 अक्टूबर (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सीमा पार होने वाले अपराधों से निपटने के लिए शुक्रवार को विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय का आह्वान किया।
यहां दक्षिण क्षेत्रीय पुलिस समन्वय समिति (एसआरपीसीसी) के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों, साइबर अपराध और अन्य अपराधों से निपटने के लिए तेलंगाना सरकार द्वारा शुरू किए गए सुधारों के अच्छे परिणाम मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा, “आज कोई भी राज्य केवल अपने प्रयासों से अपराधों से मुक्त नहीं हो सकता। हमें सभी राज्यों के पुलिस विभागों के बीच समन्वय की जरूरत है।”
सम्मेलन में दक्षिणी राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा एक ठोस कार्ययोजना तैयार किए जाने का विश्वास जताते हुए उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत को सुरक्षित बनाना और अपराध कम करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
पुलिस मुख्यालयों के बीच सीमा पार समन्वय के लिए मजबूत तंत्र स्थापित करने का अधिकारियों से आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि तेलंगाना पड़ोसी राज्यों के साथ अपना तकनीकी बुनियादी ढांचा और एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) की व्यवस्था साझा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अपराधों के बदलते स्वरूप के मद्देनजर एसआरपीसीसी जैसे मंचों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पुलिसिंग के तरीकों में बदलाव जरूरी है और सुधारों की प्रक्रिया लगातार जारी रहनी चाहिए।
राज्य सरकार द्वारा किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हैदराबाद कोर शहरी क्षेत्र में तीन पुलिस आयुक्तालय-हैदराबाद, साइबराबाद और मल्काजगिरि बनाए गए हैं।
रेड्डी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तेलंगाना को नक्सलवाद से मुक्त करने के लिए राज्य के पुलिस अधिकारियों को बधाई दी थी।
उन्होंने कहा कि हैदराबाद यातायात पुलिस में ट्रैफिक सहायक के रूप में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की भर्ती करने वाला तेलंगाना देश का पहला राज्य है।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.