पटना, दो फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव सोमवार को व्हीलचेयर से बिहार विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि पैर के अंगूठे में चोट लगने के कारण वह ठीक से चलने असमर्थ हैं।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘हाल में मेरे बाएं पैर के अंगूठे में चोट ल गई। शल्य चिकित्सा के जरिए नाखून को निकालना पड़ा है। इसी वजह से चलने में दिक्कत हो रही है।’’
तेजस्वी ने राज्य की नीतीश कुमार सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार द्वारा तैयार किया गया था और इसमें जमीनी हकीकत के विपरीत स्थिति को बेहतर दिखाने की कोशिश की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘अधिकांश विकास सूचकांकों में बिहार देश के कई राज्यों से पीछे है, लेकिन सरकार इस पर चुप है, जबकि मुख्यमंत्री पिछले 20 वर्षों से सत्ता में हैं। राज्य में बलात्कार, हत्या और अन्य अपराध की घटनाएं लगातार हो रही हैं। सरकार का कानून-व्यवस्था का दावा खोखला है।’’
बिहार में इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) का नेतृत्व कर रही राजद के कार्यकारी अध्यक्ष ने केंद्रीय बजट को लेकर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर भी निशाना साधा।
यादव ने आरोप लगाया, ‘‘बजट अब चुनावी ‘स्टंट’ बनकर रह गए हैं। पिछले वर्ष बिहार में चुनाव थे, तो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मधुबनी साड़ी पहनकर बजट पेश किया। इस वर्ष तमिलनाडु में चुनाव होने हैं तो इसलिए वित्त मंत्री ने कांजीवरम साड़ी पहनी।’’
भाषा कैलाश खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
