तेनकासी, 13 अगस्त (भाषा) तमिलनाडु के तेनकासी में दसवीं कक्षा की 10 छात्राओं को कथित तौर पर बेंत से पीटने के मामले में 44 वर्षीय सरकारी स्कूल अध्यापिका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस पिटाई से छात्राओं के हाथों में गंभीर चोटें आईं और वे परीक्षा लिखने में असमर्थ हो गईं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि यह घटना 20 जुलाई को तेनकासी जिले के सुरंडई के पास वीके पुदूर स्थित एक सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान थेनमरिया सुगंती के रूप में हुई है। वह ग्यारहवीं कक्षा को पढ़ा रही थीं, तभी बगल की दसवीं कक्षा के कमरे से आ रहे शोर से वह नाराज हो गईं। इसके बाद वह कक्षा में गईं और छात्राओं की बुरी तरह बेंत से पिटाई कर दी।
करीब 10 छात्राओं के हाथों में गंभीर चोटें आईं और उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता पड़ी।
अधिकारियों ने बताया कि घायल छात्राओं का इलाज वीके पुदूर सरकारी अस्पताल और स्थानीय निजी चिकित्सा केंद्रों में किया गया। छात्राओं में से एक पवित्रा को तेनकासी सरकारी अस्पताल रेफर किया गया जहां वह तीन दिन तक भर्ती रहीं।
हाथों में लगातार सूजन रहने के कारण घायल छात्राएं स्कूल जाने और परीक्षा में शामिल होने में असमर्थ रहीं। इसके बाद पवित्रा की मां राजाथी ने जिला कलेक्टर को औपचारिक शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर वीरकेरलमपुदुर पुलिस ने अध्यापिका के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) के तहत स्वेच्छा से चोट पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.