चेन्नई, चार जून (भाषा) कोविड-19 केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि देश में सामने आ रहे संक्रमण के नये मामलों में से 3.13 प्रतिशत मामले तमिलनाडु से हैं।
संक्रमण के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर केंद्र ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि लोक स्वास्थ्य के मसले पर जोखिम समीक्षा आधारित तरीका अपनाया जाए ताकि महामारी के विरुद्ध मुकाबले में जो उपलब्धि हासिल हुई है वह बेकार न जाए।
मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने तमिलनाडु के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव जे. राधाकृष्णन को लिखे पत्र में कहा कि तीन जून 2022 को खत्म हुए सप्ताह के दौरान राज्य में संक्रमण के 659 नये मामले सामने आए जो कि देश में सामने आए मामलों का 3.13 प्रतिशत था।
भूषण ने कहा, “देशभर में संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखने को मिली और 21,055 मामले सामने आए। तीन जून 2022 को खत्म हुए सप्ताह के दौरान संक्रमण की दर 0.73 प्रतिशत रही।” भूषण का पत्र प्राप्त होने के बाद, राधाकृष्णन ने जिले के प्रशासकों को कोविड-19 संक्रमण के प्रसार पर निगरानी रखने को कहा और वायरस को फैलने से रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया।
राधाकृष्णन ने जिलाधिकारियों और नगर निगम आयुक्तों को लिखे पत्र में कहा कि संक्रमण के मामलों में वृद्धि, प्रतिरक्षा खत्म होने का ‘परोक्ष संकेत’ है और इससे मास्क लगाने तथा सामाजिक दूरी का पालन करने का महत्व बढ़ जाता है।
भूषण ने कहा कि तमिलनाडु में इस दौरान संक्रमण के 659 मामले सामने आए जो कि देश में सामने आए मामलों का 3.13 प्रतिशत था। उन्होंने कहा कि 27 मई को खत्म हुए सप्ताह के दौरान 335 नए मामले सामने आए थे।
भूषण ने कहा कि राज्य में पिछले सप्ताह के दौरान संक्रमण दर (पॉजिटिविटी दर) 0.4 प्रतिशत से बढ़कर 0.8 प्रतिशत हो गई।
उन्होंने कहा कि चेन्नई और चेंगलपेट में साप्ताहिक मामलों में वृद्धि देखी गई है और इन दोनों जिलों में राज्य सरकार को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
भाषा यश संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.