scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशतमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि ने अन्नाद्रमुक नेतृत्व पर साधा निशाना

तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि ने अन्नाद्रमुक नेतृत्व पर साधा निशाना

Text Size:

(फोटो के साथ)

मन्नारगुडी (तमिलनाडु), 12 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने ऑल इंडिया अन्‍ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) नेतृत्व पर रविवार को निशाना साधते हुए एडप्पादी के पलानीस्वामी पर ‘‘आत्मसमर्पण की राजनीति’’ करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उन्होंने सत्ता पर अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए लगातार निष्ठा बदली और राज्य के अधिकारों से समझौता किया है।

मन्नारगुडी से द्रमुक उम्मीदवार एवं उद्योग मंत्री टी आर बी राजा के लिए प्रचार करते हुए उदयनिधि ने कहा, ‘‘जब तक जे जयललिता (अन्नाद्रमुक की दिवंगत नेता) जीवित थीं, तब तक वह (पलानीस्वामी) उनके चरणों में झुके रहते थे। उनके (जयललिता) निधन के बाद, वह वी के शशिकला के चरणों में झुक गये। उनके (शशिकला) जेल जाने के बाद, टी.टी.वी. दिनाकरन के चरणों में झुक गये। अब, वह दिल्ली जाकर कहते हैं, मैं सिर्फ मोदी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) के चरणों में ही झुका रहूंगा।’’

उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि पलानीस्वामी ने अपने राजनीतिक उत्थान में सहायता करने वाले हर व्यक्ति को धोखा दिया है।

अन्नाद्रमुक प्रमुख द्वारा उन्हें ‘‘अनुभवहीन’’ बताने का जवाब देते हुए उदयनिधि ने कहा कि उन्हें वाकई वरिष्ठों के पैर पकड़कर पद पाने का ‘‘अनुभव’’ नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे डरने का अनुभव नहीं है। मैं हमेशा जनता के साथ खड़ा रहता हूं और उनके अधिकारों के लिए बोलता हूं।’’

द्रविड़ मॉडल 2.0 के खाके पर ध्यान केंद्रित करते हुए, द्रमुक नेता ने सत्ता में वापसी पर मासिक ‘कलैगनार मगलीर उरिमाई थोगई’ (महिला अधिकार अनुदान) को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये करने का वादा किया। उन्होंने महिलाओं को घरेलू उपकरण खरीदने के लिए 8,000 रुपये के विशेष अनुदान की भी घोषणा की, जिसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की घरेलू अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है।

उदयनिधि ने मन्नारगुडी में जारी विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए मतदाताओं से राजा के लिए भारी मतों के अंतर से जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

बाद में थिरुथुराईपूंडी में, उदयनिधि ने भाकपा उम्मीदवार मारीमुथु के लिए प्रचार किया।

उन्होंने मतदाताओं से ‘‘द्रविड़ मॉडल’’ की उपलब्धियों को बढ़ावा देने की अपील की।

तमिलनाडु में विधानसभा की 234 सीट के लिए चुनाव 23 अप्रैल को होगा।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments