scorecardresearch
Monday, 21 September, 2026
होमदेशतमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना के विस्तार की समीक्षा की

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना के विस्तार की समीक्षा की

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ जारी)

चेन्नई, 21 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य की विस्तारित मुफ्त बस यात्रा योजना ‘वेत्री पयनम’ की तैयारियों की सोमवार को समीक्षा की।

यह योजना दो अक्टूबर को राज्यभर में शुरू की जाएगी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इस प्रमुख पहल से प्रतिदिन अनुमानित 84.32 लाख महिलाओं के लाभान्वित होने की संभावना है। इस योजना के तहत वे 12,692 नामित सरकारी बस में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

शहरों और कस्बों में चलने वाली साधारण बसों में उपलब्ध मौजूदा सुविधा का विस्तार करते हुए ‘वेत्री पयनम’ योजना को अब निगम और नगरपालिका सीमाओं के भीतर एक्सप्रेस, लिमिटेड स्टॉप सर्विस (एलएसएस) और डीलक्स बसों पर भी लागू किया जाएगा।

इसके साथ ही 40 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाली ‘मोफसिल ऑर्डिनरी’ और ‘घाट ऑर्डिनरी’ बसें भी इसके दायरे में आएंगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, ये नामित वाहन राज्य के सात परिवहन निगमों द्वारा संचालित कुल बस बेड़े का 69 प्रतिशत हैं। ये बसें प्रतिदिन 1,65,312 एकतरफा फेरे लगाएंगी, जो राज्य में बसों के कुल दैनिक फेरों का 85 प्रतिशत है।

विधानसभा में 24 अगस्त को घोषित की गई इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिवहन लागत के कारण महिलाएं और छात्राएं रोजगार या शैक्षिक अवसरों से वंचित न रहें। यह योजना उन्हें कार्यस्थलों, महाविद्यालयों और आवश्यक चिकित्सा केंद्रों तक आसानी से पहुंचने में मदद करेगी।

भाषा प्रचेता सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments