scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशतमिलनाडु विधानसभा चुनाव : अपराह्न तीन बजे तक 70 प्रतिशत मतदान

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव : अपराह्न तीन बजे तक 70 प्रतिशत मतदान

Text Size:

(फोटो के साथ)

चेन्नई, 23 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार को मतदान जारी है और अपराह्न तीन बजे तक 70 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

भारत निर्वाचन आयोग (ईसी) के आंकड़ों के अनुसार, अपराह्न तीन बजे तक मतदान प्रतिशत 70 रहा।

सेलम जिले में सबसे अधिक 75.79 प्रतिशत मतदान हुआ।

चेन्नई में 68.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि मदुरै में 67.15 प्रतिशत, कोयंबटूर में 71.16 प्रतिशत और तिरुचिरापल्ली जिले में 71.05 प्रतिशत मतदान हुआ।

चेन्नई के कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र में अपराह्न तीन बजे तक 70.24 प्रतिशत मतदान हुआ। इस सीट से मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी में 67.68 प्रतिशत मतदान हुआ, जहां से उपमुख्यमंत्री और स्टालिन के बेटे उदयनिधि दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं।

इसी तरह, सेलम में एडप्पाडी निर्वाचन क्षेत्र में 75.84 प्रतिशत मतदान हुआ। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी अपने इसी पारंपरिक क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) से चुनौती मिल रही है।

अभिनेता विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पार्टी इस सीट पर एक निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन कर रही है क्योंकि पार्टी के उम्मीदवार के चुनाव दस्तावेजों को जांच के दौरान तकनीकी कारणों से खारिज कर दिया गया था।

तिरुचिरापल्ली पूर्व में अपराह्न तीन बजे तक 68.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। टीवीके प्रमुख विजय तिरुचिरापल्ली पूर्व से चुनाव लड़ रहे हैं।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments