नयी दिल्ली, 12 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश के पास दुनिया के साथ साझा करने के लिए कई शानदार उपलब्धियां हैं। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि वह इन सफलताओं को ‘भारत की कहानी’ के रूप में वैश्विक मंच पर उजागर करे।
यहां भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों के लिए आयोजित ‘दिवाली मिलन’ कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि समाचार की दुनिया में एक चीज बहुत महत्वपूर्ण है: ‘समयसीमा’। एक पत्रकार का पूरा जीवन समयसीमा के इर्द-गिर्द ही घूमता है, चाहे वह अखबार के छपने का समय हो या किसी खबर के प्रसारण का समय, हर चीज के लिए एक समयसीमा तय होती है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज हमारा देश भी एक समयसीमा को ध्यान में रखकर काम कर रहा है। वह समयसीमा है- 2047 । अपने देश को विकसित बनाने का सपना हम आजादी के समय से ही देखते आ रहे हैं, लेकिन अब इस सपने के लिए एक निश्चित तारीख तय हो गई है, जो कि 2047 है। इसका मतलब यह है कि आजादी के 100 साल पूरे होने से पहले, हमें मिलकर भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास युवा आबादी, प्रतिभा, तकनीक और किफायती डेटा है, और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि देश के पास दुनिया के साथ साझा करने के लिए शानदार उपलब्धियां हैं।
उन्होंने कहा, “हमारे पास ‘भारत की कहानी’ है। हमें इस बात पर विचार करना चाहिए कि क्या हमारी खबरें वास्तव में भारत को दर्शाती हैं; क्या हमारी उपलब्धियों, प्रतिभा और सकारात्मक बदलावों को पर्याप्त जगह मिल रही है? भारत में ऐसी कहानियों की कोई कमी नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाली सरकार देश से गरीबी हटाने में सफल रही है और 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पहले ‘गरीबी हटाओ’ के नारे लगते थे, लेकिन इस सरकार ने वास्तव में गरीबी को दूर करने का काम किया है। विश्व बैंक के अनुसार, पिछले 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज जो उपलब्धियां हासिल कर रहा है, उन्हें देखते हुए विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करना असंभव नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘जरा सोचिए कि हाल के वर्षों में भारत ने क्या-क्या हासिल किया है। किसने सोचा होगा कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरकर इतिहास रच देगा? किसने सोचा होगा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता बन जाएगा?”
मोदी ने कहा, “किसने सोचा होगा कि दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ‘आर्च ब्रिज’ चिनाब नदी पर बनेगा? सिर्फ 12 सालों में, भारत ने अपनी सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता को 50 गुना से भी ज्यादा बढ़ा लिया है। महज 12 सालों में, भारत ने दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार कर लिया है।’’
मोदी ने कहा कि 2047 की समयसीमा का मतलब यह नहीं है कि भारत को तब तक इंतजार करना होगा -ठीक वैसे ही, जैसे आजादी के आंदोलन के दौरान हुआ था, जब यह समझ आ गया था कि पूर्ण स्वतंत्रता का लक्ष्य एक-दो दिन में हासिल नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘धीरे-धीरे छोटे-छोटे लक्ष्य तय किए गए और उन्हें हासिल किया गया, जिससे लोगों को यह विश्वास होने लगा कि आजादी जरूर मिलेगी। पूरा देश इस संकल्प के साथ एकजुट हो गया। पूरे देश में मौजूद यही विश्वास हमें ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य तक ले जाएगा। हम छोटे-बड़े कई लक्ष्यों को हासिल करते हुए आगे बढ़ेंगे, और तभी हम ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य तक पहुंच पाएंगे।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने मासिक रेडियो प्रसारण ‘मन की बात’ में, वे देश और लोगों की उपलब्धियों को एक मंच देने का लगातार प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा, “मैं देश की मीडिया से भी आग्रह करूंगा कि वे भारत की सफलताओं से जुड़ी कहानियों पर काम करें और उन्हें ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में मदद करें। यह आपकी ओर से देश के लिए एक बहुत बड़ी सेवा होगी।”
मीडिया के साथ अपने अनुभवों के बारे में मोदी ने कहा कि पत्रकारों के साथ उनका पुराना नाता रहा है—उस दौर से, जब वे ऐसे कार्यक्रमों में कुर्सियां लगाने का काम किया करते थे।
उन्होंने कहा, “मैंने मीडिया के साथ काम किया है और इसे प्रेस विज्ञप्ति के दौर से लेकर इंस्टाग्राम रील्स के दौर तक विकसित होते देखा है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि समाचार की दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं माना जाता और मौके पर जाकर रिपोर्टिंग करने वाले संवाददाता संकट या आपदा के समय भी हर जगह पहुंच जाते हैं।
उन्होंने मीडिया से नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई के बारे में जागरूकता फैलाने का भी आग्रह किया।
उन्होंने कहा, “मुझे एक और मुद्दे पर आपका सहयोग चाहिए। अब हमें इसी तरह मादक पदार्थों की लत के बारे में भी जागरूकता बढ़ानी होगी। हमें अपने युवाओं को इन सब चीजों से बाहर निकालना होगा।”
भाषा प्रशांत सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.