शिमला, दो जनवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कुल्लू जिले के मनाली में पांच दिनों तक चलने वाले राष्ट्रीय स्तरीय ‘‘विंटर कार्निवाल’’ का उद्घाटन किया।
इस मौके पर सुक्खू ने कहा कि पर्यटन, व्यापार, पारंपरिक मान्यताओं और संस्कृति के संरक्षण के लिए ‘‘कार्निवल’’ का खासा महत्व है। उन्होंने कहा कि यह विभिन्न राज्यों के कलाकारों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच मुहैया कराता है।
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक हडिंबा मंदिर में पूजा अर्चना की एवं सर्किट हाउस, मनाली से ‘‘कार्निवाल परेड’’ को झंडी दिखाकर रवाना किया।
सुक्खू ने बाद में एक आम सभा को भी संबोधित किया और महिला मंडलों की प्रोत्साहन राशि को मौजूदा 10,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये किए जाने की घोषणा की।
इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि पर्यटन और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मनाली में एक इनडोर स्टेडियम और ‘‘आइस-स्केटिंग रिंक’’ का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस द्वारा किए गए सभी 10 वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है और उसने इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि शुरुआत में, 15 जनवरी तक 18 सार्वजनिक परिवहन वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों से बदल दिया जाएगा। उन्होंने अपनी ‘सामाजिक जिम्मेदारी’ के तहत मुख्यमंत्री के रूप में अपना पहला वेतन मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष में दिया।
सरकार ने नए साल के अवसर पर इस राहत कोष का गठन किया था। अधिकारियों के अनुसार इसे जरूरतमंद छात्रों और बेसहारा महिलाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मुहैया कराने के उद्देश्य से बनाया गया है।
भाषा अविनाश वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
