scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशसुधाकरन चेरथला में मंत्री प्रसाद के खिलाफ प्रचार करेंगे

सुधाकरन चेरथला में मंत्री प्रसाद के खिलाफ प्रचार करेंगे

Text Size:

अलाप्पुझा, 20 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बागी नेता जी सुधाकरन ने शुक्रवार को कहा कि वह कृषि मंत्री पी प्रसाद के खिलाफ चेरथला में प्रचार करेंगे और उन्होंने उन पर अनुचित टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

यहां पत्रकारों से बात करते हुए संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के समर्थन से अंबलप्पुझा से एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे सुधाकरन ने कहा कि उन्होंने पहले अपने निर्वाचन क्षेत्र के बाहर प्रचार गतिविधियों में भाग न लेने का फैसला किया था।

उन्होंने कहा, “मैंने अंबलप्पुझा के बाहर किसी भी चुनाव प्रचार में भाग न लेने का फैसला किया था। लेकिन अब मैंने प्रसाद के खिलाफ चेरथला में प्रचार करने का फैसला किया है क्योंकि उन्होंने मेरे खिलाफ अनावश्यक बयान दिए हैं।”

प्रसाद ने हाल ही में कहा था कि सुधाकरन का चुनाव लड़ने का निर्णय सत्ता की लालसा से प्रेरित था और मतदाता उन्हें नकार देंगे।

सुधाकरन ने आरोप लगाया कि प्रसाद ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य या जिला नेतृत्व से परामर्श किए बिना ये टिप्पणियां कीं।

उन्होंने कहा, “भाकपा में वही इकलौते व्यक्ति हैं जिन्होंने मेरे खिलाफ बात की है। पार्टी ने अभी तक इस मामले पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है।”

उन्होंने कहा कि अब उन्हें चेरथला में प्रसाद की हार के लिए प्रचार करने का पूरा अधिकार है।

सुधाकरन ने कहा, ‘मैं चुप था, लेकिन उन्होंने मुझे यह रुख अपनाने के लिए उकसाया।’

उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रसाद ने पिछला चुनाव लगभग 6,000 वोटों के अंतर से जीता था और इस बार उनकी स्थिति सुरक्षित नहीं है।

सुधाकरन ने कहा कि उनके लिए कोई चुनाव समिति या चुनाव सम्मेलन नहीं होगा और वह अपना प्रचार अभियान न्यूनतम रखेंगे।

भाषा तान्या नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments