scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशपीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अभ्यर्थियों की लगन व समर्पण का प्रमाण: योगी

पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अभ्यर्थियों की लगन व समर्पण का प्रमाण: योगी

Text Size:

लखनऊ, 30 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा-2024 के परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सफलता को अभ्यर्थियों के परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम बताया।

योगी ने कहा कि पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अभ्यर्थियों की लगन और समर्पण का प्रमाण है।

उन्होंने सभी चयनित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भरोसा जताया कि वे अपनी प्रतिभा और निष्ठा के साथ प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि परीक्षा को पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराया गया, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति युवाओं का विश्वास और मजबूत हुआ है।

राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, इस बार पीसीएस परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, झारखंड, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ जैसे 10 राज्यों के अभ्यर्थी भी शामिल हैं।

बयान में बताया गया कि कुल 932 चयनित अभ्यर्थियों में जहां 92.7 फीसदी (864) उत्तर प्रदेश के हैं, वहीं 7.3 फीसदी (68) अभ्यर्थियों ने अन्य राज्यों से आकर सफलता प्राप्त की है, जो इस व्यवस्था की विश्वसनीयता का बड़ा प्रमाण है।

बयान के मुताबिक, सामान्य वर्ग से 357, अन्य पिछड़ा वर्ग से 270, अनुसूचित जाति से 186, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से 97 और अनुसूचित जनजाति वर्ग से 22 अभ्यर्थियों का चयन इस बात का प्रमाण है कि अवसर सभी वर्गों तक समान रूप से पहुंचे हैं।

भाषा सलीम जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments