scorecardresearch
Wednesday, 25 November, 2026
होमदेशविज्ञान में प्रयोग करें और बड़े सपने देखें विद्यार्थी : शुभांशु शुक्ला

विज्ञान में प्रयोग करें और बड़े सपने देखें विद्यार्थी : शुभांशु शुक्ला

Text Size:

लखनऊ, 25 नवंबर (भाषा) अंतरिक्ष यात्री और भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने बुधवार को विद्यार्थियों से विज्ञान के क्षेत्र में नए प्रयोग करने, जिज्ञासु बने रहने और बड़े सपने देखने का आह्वान किया।

शुक्ला ने यहां अपने पूर्व शिक्षण संस्थान सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) के गोल्फ सिटी परिसर में आयोजित दो दिवसीय ‘विज्ञान मेला 2026’ के समापन दिवस पर विद्यार्थियों से बातचीत की और उन्हें वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

शुक्ला ‘एक्सिओम मिशन-4’ के पायलट के रूप में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की यात्रा कर चुके हैं।

स्कूल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष अन्वेषण और विज्ञान के क्षेत्र में हो रही प्रगति के बारे में शुक्ला से सीधे बातचीत करने का अवसर मिला।

इस अवसर पर ‘एक्सिओम मिशन-1’ का हिस्सा रहे इजराइल के अंतरिक्ष यात्री एतान स्टिबे भी मौजूद थे।

उन्होंने अंतरिक्ष में अपने अनुभव साझा किए और अंतरिक्ष अनुसंधान तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।

विज्ञान मेले का प्रमुख आकर्षण इजराइल के ‘राकिया मिशन’ के सहयोग से आयोजित ‘वॉयजर मिक्सस्टिक्स माइक्रोग्रैविटी स्टूडेंट रिसर्च प्रोग्राम’ रहा।

इसके तहत विद्यार्थियों ने ऐसे वैज्ञानिक प्रयोगों के प्रस्ताव पेश किए, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण की परिस्थितियों में किया जा सकता है।

स्कूल के मुताबिक, इन प्रस्तावों में से पांच प्रयोगों को जनवरी में होने वाले अंतिम मूल्यांकन के लिए चुना गया है।

इनमें से दो प्रयोगों का चयन अंतरिक्ष स्टेशन भेजने के लिए किया जाएगा हालांकि, इनके प्रेषण के लिए आवश्यक मंजूरियां मिलना भी जरूरी होगा।

मेले में विद्यार्थियों ने अपने बनाए रोबोट, ड्रोन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आधारित परियोजनाओं की भी प्रस्तुति दी।

भाषा सलीम जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments