नागपुर, 24 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने सम्मन जारी किए जाने के बावजूद उपस्थित नहीं होने पर पूर्वी महाराष्ट्र में स्थित चन्द्रपुर के जिलाधिकारी के खिलाफ वारंट जारी किया है।
हालांकि, जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी विनय गौड़ा 16 फरवरी को किन्हीं अपरिहार्य कारणों से आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन वह अब आयोग के समक्ष उपस्थिति होकर उसे तथ्यों से अवगत कराएंगे।
एनसीएसटी ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक को 21 फरवरी को लिखे पत्र में कहा है कि कलेक्टर को एक फरवरी को सम्मन जारी किया गया था लेकिन वह आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं हुए।
आयोग ने कहा कि जिलाधिकारी को जिस मामले में उपस्थित होने को कहा गया था वह विनोद खोबरागड़े द्वारा राजुरा तहसील के कुसुम्बी गांव में आदिवासियों की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत से जुड़ा है।
भाषा अर्पणा वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.