लखनऊ, 23 सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि उनकी मांग है कि सरकार बुलडोजर कार्रवाई में हुए नुकसान की भरपाई करे। अगर सरकार भरपाई नहीं करती तो उनकी पार्टी की सरकार आने पर वह लोगों के नुकसान की भरपाई करेगी।
पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने यहां कहा, “लोगों की दुकानों, मकानों को इस सरकार ने बुलडोज कर दिया। गरीब के प्रति सरकार का रवैया उदार होना चाहिए क्योंकि उस मकान में गरीब की पूंजी लगी होती है।”
उन्होंने कहा, “सरकार को घर में लगी चीजें निकालने का मौका तो देना चाहिए था। लोगों को उनका सामान नहीं निकालने दिया और बुलडोजर में भरकर सामान जाने कहां ले गए। मैं इन परिवार के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो घर मकान सामान, जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई सपा सरकार करेगी।”
अखिलेश ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए कहा कि 10 महीने में 14 बार आयोग के कई अधिकारियों ने अपना नोट लिखा है। आप कल्पना कर सकते हैं कि चुनाव आयोग किसकी ओर से काम कर रहा है। यह हमारे लोकतंत्र के लिए घातक है।
सपा प्रमुख ने कहा कि उन्होंने बिहार और बंगाल चुनावों में धांधली का केंद्र पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र ने पुलिस बल के माध्यम से पूरे बंगाल का चुनाव लूट लिया।
सपा प्रमुख ने कहा कि इससे पता चलता है कि हाल में जो सरकारें बनी हैं वे असंवैधानिक है और उन्होंने लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई हैं।
इस संवाददाता सम्मेलन में बुलडोजर की कार्रवाई से पीड़ित महिलाओं ने अपनी पीड़ा साझा की। इसके बाद सपा प्रमुख ने उन लोगों के नाम और उनकी संपत्तियों का विवरण साझा किया जिनकी संपत्ति को बुलडोजर की कार्रवाई से नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता अपने मताधिकार से इस सरकार को हमेशा हमेशा के लिए बुलडोज कर देगी।
भाषा राजेंद्र मनीषा रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.