scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशसोनभद्र : जमीन विवाद में लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर किसान की हत्या

सोनभद्र : जमीन विवाद में लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर किसान की हत्या

Text Size:

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश), आठ अप्रैल (भाषा) जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार सुबह जमीन विवाद में किसान नंद कुमार उर्फ़ किशुन मौर्या की लाठी, डंडे व धारदार हथियार से हमला कर कथित रूप से हत्या कर दी गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कालू सिंह ने बताया कि डोमरिया गांव निवासी नंद कुमार उर्फ़ किशुन मौर्या (52) का गांव के ही शम्भु पाण्डेय से खेत में लगी फसल की कटाई को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि आज सुबह मौर्या फसल कटवाने के लिए खेत पर गए थे तभी पाण्डेय व उनके सहयोगियों ने उसे घेरकर लाठी डंडे व अन्य धारदार हथियार से हमला कर दिया जिससे मौर्या गंभीर रूप से घायल हो गये।

उन्होंने कहा कि हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घायल को जिला अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मौर्य के पुत्र अनिल कुमार मौर्य की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एएसपी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भाषा सं आनन्द अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments