scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशमुंबई हवाई अड्डे के पास 'अवैध' मस्जिद गिराने की मांग को लेकर सोमैया ‘हथौड़ा रैली’ निकालेंगे

मुंबई हवाई अड्डे के पास ‘अवैध’ मस्जिद गिराने की मांग को लेकर सोमैया ‘हथौड़ा रैली’ निकालेंगे

Text Size:

मुंबई, 22 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि वह मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-दो के पास स्थित एक “अवैध” मस्जिद को गिराने की मांग को लेकर 24 अक्टूबर को ‘हथौड़ा रैली’ निकालेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि संवेदनशील हवाई अड्डा परिसर के पास इस संरचना की मौजूदगी सुरक्षा संबंधी चिंताएं पैदा करती है।

सोमैया ने दिन में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के टर्मिनल-दो के पास विरोध मार्च निकाला। उन्होंने आरोप लगाया कि मस्जिद का निर्माण वीआईपी आगमन द्वार और टैक्सी स्टैंड के पास एक संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र में अवैध रूप से किया गया है।

सोमैया ने, “संवेदनशील हवाई अड्डा परिसर के पास मस्जिद की मौजूदगी सुरक्षा संबंधी चिंताएं पैदा करती है।”

उन्होंने सवाल किया कि सरकारी एजेंसियों और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के साथ पत्राचार के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने इस संरचना के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की।

सोमैया ने 14 अक्टूबर को अपने वकील जितेंद्र जी शर्मा के माध्यम से भेजे गए एक कानूनी नोटिस में मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्राइवेट लिमिटेड (एमआईएएल) के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विष्णु झा से टर्मिनल-दो के वीआईपी आगमन द्वार और टैक्सी स्टैंड के पास स्थित मस्जिद को तत्काल हटाने के लिए कार्रवाई करने का अनुरोध किया था।

नोटिस में पांच सितंबर को सोमैया की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत का जिक्र किया गया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि मस्जिद एक संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र में वीआईपी आगमन द्वार से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित है और सुरक्षा संबंधी चिंताएं पैदा करती है।

भाषा

शुभम पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments