scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशतस्कर गिरफ्तार : डेढ़ करोड़ रुपये की चरस बरामद

तस्कर गिरफ्तार : डेढ़ करोड़ रुपये की चरस बरामद

Text Size:

बहराइच (उप्र), 26 अप्रैल (भाषा) बहराइच जिले के रूपईडीहा क्षेत्र में ‘एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स’ (एएनटीएफ) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार सुबह एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की चरस बरामद की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने रविवार को संवाददाताओं से बताया कि एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि रूपईडीहा थाना क्षेत्र के जमुनहा गांव का 40 वर्षीय इस्माइल नेपाल से तस्करी कर मादक पदार्थ लाता है और भारतीय क्षेत्र में उसका धंधा करता है।

उन्होंने बताया कि इस सूचना के आधार पर एएनटीएफ तथा सीमावर्ती रूपईडीहा थाने की संयुक्त टीम ने नेपाल से चकिया गांव जाने वाली सड़क पर स्थित मोबाइल रिपेयरिंग की एक दुकान पर छापा मारा तथा दुकानदार इस्माइल के पास से छह किलो 770 ग्राम चरस बरामद की गयी।

श्रीवास्तव ने बताया कि बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है।

उन्होंने बताया कि अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह चरस नेपाल के बांके जिले से तस्करी कर लाता है एवं भारत में बेचता है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके उससे पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं. सलीम राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments