जम्मू, 14 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला पर यहां हाल में एक शादी समारोह के दौरान हुए जानलेवा हमले की जांच के लिए सात सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने मामले की ‘‘गंभीरता और संवेदनशीलता’’ के मद्देनजर जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक के नेतृत्व में एसआईटी के गठन का आदेश दिया।
बुधवार रात जब अब्दुल्ला ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित शादी समारोह से निकल रहे थे, तब आरोपी ने कथित तौर पर पीछे से उन पर बेहद करीब से गोली चलाई, जिसमें वह बाल-बाल बच गए।
आरोपी कमल सिंह (63) को मौके पर ही काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से अपराध में इस्तेमाल की गई रिवॉल्वर बरामद की गई।
पुलिस महानिरीक्षक ने 12 मार्च को जारी अपने आदेश में कहा, ‘‘11 मार्च को रात करीब 10 बजे, जब सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति (फारूक अब्दुल्ला) शादी समारोह स्थल से निकल रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने रिवाल्वर दिखाकर करीब से गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि, उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई के कारण यह प्रयास विफल हो गया। इस संबंध में जम्मू के गंग्याल पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 109 और धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।’’
पुलिस ने शनिवार शाम आदेश की एक प्रति साझा की।
एसआईटी के सदस्यों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय शर्मा, पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय (जम्मू) इरशाद हुसैन राथर, पुलिस उपाधीक्षक अरविंद कुमार सांब्याल और निरीक्षक – सरूप सिंह, परमजीत सिंह, संजीव चिब और शारिक मजीद शामिल हैं।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
