scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशसिक्किम: नाबालिग ने खुद के अपहरण का नाटक रच माता-पिता से मांगी तीन लाख रुपये की फिरौती

सिक्किम: नाबालिग ने खुद के अपहरण का नाटक रच माता-पिता से मांगी तीन लाख रुपये की फिरौती

Text Size:

गंगटोक, 18 मार्च (भाषा) सिक्किम में 14 वर्षीय एक किशोरी द्वारा स्वयं के अपहरण का नाटक रचकर माता-पिता से फिरौती के रूप में तीन लाख रुपये की मांग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि लड़की को पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के एक बयान में बताया कि माता-पिता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार उनकी बेटी 13 मार्च को गंगटोक स्थित अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी और धमकी दी कि अगर रकम नहीं दी गई तो लड़की को जान से मार दिया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद तलाश अभियान शुरू किया गया और लड़की को सिलीगुड़ी से बरामद किया गया। उसने बताया कि लड़की सिक्किम राष्ट्रीयकृत परिवहन (एसएनटी) बस टर्मिनस के पास अकेले घूमते हुए पाई गई और मंगलवार को उसे गंगटोक वापस लाया गया।

बयान के अनुसार, शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि नाबालिग ने स्वयं अपने अपहरण का नाटक रचा और फिरौती के संदेश भेजे तथा फोन किए। उसने ‘वॉयस नोट’ भी भेजे जिनमें वह रो रही थी और दावा कर रही थी कि उसका अपहरण कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

भाषा यासिर धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments