scorecardresearch
Friday, 20 March, 2026
होमदेशजम्मू कश्मीर में सुरक्षा स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है: सूत्र

जम्मू कश्मीर में सुरक्षा स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है: सूत्र

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) जम्मू कश्मीर में पिछले कुछ महीनों में आतंकवाद रोधी अभियानों और घुसपैठ रोधी ग्रिड के मजबूत होने के कारण सुरक्षा स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा चलाये गये अभियानों के जरिये सुरक्षा स्थिति बेहतर हुई है।

घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में, जम्मू कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा लगातार आतंकवाद रोधी अभियानों और घुसपैठ रोधी ग्रिड को मजबूत करने के कारण जम्मू कश्मीर में सुरक्षा स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

पाकिस्तानी एजेंसियों के इशारे पर हालांकि विभिन्न आतंकवादी संगठनों द्वारा जम्मू और उत्तरी कश्मीर क्षेत्रों, विशेष रूप से कुपवाड़ा सेक्टर में राजौरी-पुंछ सेक्टर के माध्यम से घुसपैठ की कोशिश की जा रही हैं।

बृहस्पतिवार और शुक्रवार को ऐसे दो प्रयासों को नाकाम किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि पहली घटना में राजौरी-पुंछ सेक्टर में दो से तीन आतंकवादियों का एक समूह दूसरी तरफ से घुसने की कोशिश कर रहा था। जब वे नियंत्रण रेखा पर बाड़ के निकट पहुंचे, तो सतर्क सैनिकों ने कार्रवाई शुरू की और उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

उन्होंने कहा कि आतंकवादी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे लेकिन बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद छोड़ गए।

सूत्रों ने कहा कि कुपवाड़ा सेक्टर के जामगुंड इलाके में एक अन्य प्रयास को नाकाम कर दिया गया, जहां सैनिकों ने घुसपैठ के बारे में कुछ विशेष सूचनाओं के आधार पर अपने घुसपैठ रोधी ग्रिड को सक्रिय कर दिया था।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह, पांच विदेशी आतंकवादियों के एक समूह ने घुसपैठ करने की कोशिश की और उन्हें सुरक्षा बलों ने घेर लिया और बाद में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में वे मारे गये। उन्होंने बताया कि ये सभी पाकिस्तान के बताये जा रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने मौके से हथियारों और गोला बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया।

भाषा देवेंद्र प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments