बेंगलुरु, 12 मार्च (भाषा) लोकायुक्त द्वारा दायर भ्रष्टाचार के एक मामले में एक भाजपा विधायक की कथित संलिप्तता के बारे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने रविवार को उनसे (मोदी) पूछा कि क्या उन्होंने अपने ‘न खाऊंगा, न खाने दूंगा’ के नारे को ‘तुम खाओ, मुझे भी खिलाओ’ में बदल दिया है।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट के माध्यम से मोदी पर कटाक्ष उस दौरान किया, जब प्रधानमंत्री राज्य के मांड्या और धारवाड़ जिलों का दौरा कर रहे थे। राज्य में मई तक विधानसभा चुनाव होने हैं।
सिद्धरमैया ने ट्वीट किया, “श्रीमान नरेन्द्र मोदी लोकायुक्त द्वारा विधायक विरुपाक्ष (मदल विरुपक्षप्पा) और उनके बेटे द्वारा किए गए बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को उजागर करने के बावजूद आप चुप क्यों हैं? क्या उस भ्रष्ट धन में आपका भी हिस्सा है?”
विरुपक्षप्पा रिश्वतखोरी के एक मामले में आरोपी हैं, जहां उनके बेटे, एक सरकारी अधिकारी, को राज्य लोकायुक्त पुलिस ने विधायक की ओर से कथित रूप से धन एकत्र करते हुए पकड़ा था।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
