scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशशिवकुमार ने ओडिशा में ‘ऑपरेशन लोटस’ का आरोप लगाया, कांग्रेस विधायक पहुंचे बेंगलुरु

शिवकुमार ने ओडिशा में ‘ऑपरेशन लोटस’ का आरोप लगाया, कांग्रेस विधायक पहुंचे बेंगलुरु

Text Size:

बेंगलुरु, 13 मार्च (भाषा) ‘ऑपरेशन लोटस’ की आशंकाओं के बीच कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भाजपा ओडिशा के कांग्रेस विधायकों पर दबाव डाल रही है और उन्हें अपने राज्यसभा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए बड़े प्रलोभन दे रही है।

कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के प्रमुख शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा ‘ऑपरेशन लोटस’ को अंजाम दे सकती है, जिसके कारण भाजपा शासित ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को बेंगलुरु लाया गया है।

शिवकुमार ने यहां डेरा डाले हुए ओडिशा के विपक्षी (कांग्रेस) विधायकों से मुलाकात के बाद दावा किया, ‘‘इस बात का डर है कि वे (भाजपा) ‘ऑपरेशन लोटस’ को अंजाम दे सकते हैं। वे (भाजपा) हमारे लोगों पर बहुत दबाव डाल रहे हैं और उन्हें बड़े-बड़े प्रलोभन दे रहे हैं। इसलिए सभी पर बहुत दबाव है। वे किसी भी तरह राज्यसभा सीट जीतना चाहते हैं।’’

‘ऑपरेशन लोटस’ एक ऐसा शब्द है जिसका इस्तेमाल भाजपा के प्रतिद्वंद्वी यह दावा करने के लिए करते हैं कि भाजपा विपक्षी खेमे के विधायकों का समर्थन हासिल करने के लिए पिछले दरवाजे से प्रयास करती है ताकि या तो सरकार बनाई जा सके या राज्यसभा चुनाव में सीट जीती जा सके।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, पार्टी की ओडिशा इकाई के लगभग आठ विधायकों को बृहस्पतिवार देर रात भुवनेश्वर से बेंगलुरु लाया गया और उन्हें शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक रिसॉर्ट में ठहराया गया है।

छह और विधायक ओडिशा के कांग्रेस अध्यक्ष के साथ रात में बेंगलुरु पहुंचेंगे।

इससे पहले शिवकुमार ने बेंगलुरु में पत्रकारों से कहा था कि वह उन्हें (विधायकों को) नहीं लाए हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व उनसे जो भी करने को कहेगा, वह करेंगे।

भाषा राजकुमार प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments