scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशशरद पवार खराब स्वास्थ्य के कारण बारामती उपचुनाव में मतदान नहीं कर सकेंगे

शरद पवार खराब स्वास्थ्य के कारण बारामती उपचुनाव में मतदान नहीं कर सकेंगे

Text Size:

मुंबई, 21 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने मंगलवार को कहा कि खराब स्वास्थ्य के कारण वह 23 अप्रैल को होने वाले बारामती विधानसभा उपचुनाव में अपना वोट नहीं डाल पाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे सत्तारूढ़ महायुति की उम्मीदवार और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार का समर्थन करें।

एक बयान में पवार ने कहा कि उन्होंने ‘भारी मन’ से इस बार बारामती में मतदान से दूर रहने का निर्णय लिया है, क्योंकि चिकित्सकों ने अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने को देखते हुए उन्हें मुंबई से बाहर यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।

सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि 85 वर्षीय पवार को दो दिन पहले स्वास्थ्य जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

यह उपचुनाव महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राकांपा अध्यक्ष अजित पवार के 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में हुए निधन के कारण हो रहा है। मतदान 23 अप्रैल को होगा और परिणामों की घोषणा चार मई को की जाएगी।

सत्तारूढ़ महायुति में शामिल राकांपा की प्रमुख सुनेत्रा पवार के खिलाफ विपक्षी महा विकास आघाडी की ओर से कोई भी उम्मीदवार चुनावी मैदान में नहीं है। प्रतिद्वंद्वी राकांपा (एसपी) ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह सुनेत्रा पवार के खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी। हालांकि, सहयोगी दल कांग्रेस ने आकाश मोरे को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन बाद में पार्टी ने उनका नाम वापस लेने का फैसला किया। चुनाव मैदान में सुनेत्रा पवार सहित कुल 23 उम्मीदवार हैं।

शरद पवार ने कहा कि उन्होंने अपनी पुरानी परंपरा के अनुसार वोट डालने के लिए बारामती जाने की योजना बनाई थी, लेकिन तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने उन्हें शहर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी है।

भाषा

दिलीप माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments