scorecardresearch
Sunday, 7 June, 2026
होमदेशशाह ने सीमावर्ती क्षेत्रों में वित्तीय लेनदेन, निर्माण व संपत्ति की बिक्री पर निगरानी का आह्वान किया

शाह ने सीमावर्ती क्षेत्रों में वित्तीय लेनदेन, निर्माण व संपत्ति की बिक्री पर निगरानी का आह्वान किया

Text Size:

अगरतला, आठ जून (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिपुरा के अपने हालिया दौरे में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के आसपास वित्तीय लेनदेन, इमारतों के निर्माण और संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर अधिक कड़ी निगरानी रखे जाने का आह्वान किया। शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

यह निर्देश केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के त्रिपुरा फ्रंटियर मुख्यालय में हुई बैठक के दौरान दिया गया। बैठक पूर्वोत्तर राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों से संबंधित थी।

बयान में कहा गया, ‘‘शाह ने सीमाओं के आसपास वित्तीय लेनदेन, बड़ी इमारतों के निर्माण और संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने को कहा तथा पिछले पांच वर्षों के भूमि अभिलेखों की जांच करने का निर्देश दिया।”

पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जाने चाहिए तथा मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों से सख्ती से निपटा जाना चाहिए।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘शाह ने यह भी कहा कि सीमावर्ती जिलों में वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करना राज्यों की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिलाधिकारियों और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिकारियों को प्रशिक्षित करने तथा केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) को नकली मुद्रा को लेकर सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया।’’

बयान में कहा गया, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सीमा के आसपास रहने वाले लोगों को मादक पदार्थों और आग्नेयास्त्रों के खतरों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करने के वास्ते शिविर आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने इन शिविरों में पटवारियों, स्थानीय पुलिस और बीएसएफ कर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।’’

बैठक में मुख्यमंत्री माणिक साहा, मुख्य सचिव जे. के. सिन्हा, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सभी आठ सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments