अमृतसर, 14 जुलाई (भाषा) शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) स्वर्ण मंदिर से गुरबानी के प्रसारण के लिए अपना यूट्यूब चैनल शुरू करेगी। समिति ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एसपीजीसी ने कहा कि वह अगले तीन महीने में उपग्रह चैनल की शुरुआत करेगा।
समिति ने यह कदम निजी चैनल द्वारा ‘दरबार साहिब’ से गुरबानी का प्रसारण करने को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद उठाया है।
पंजाब विधानसभा ने 20 जून को सिख गुरुद्वारा (संशोधन) विधेयक 2023 पारित किया जिसका उद्देश्य गुरबानी का ‘फ्री टू एयर’ प्रसारण सुनिश्चित करना है।
यह कदम भगवंत मान नीत आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा ब्रिटिश शासन के दौरान बने सिख गुरुद्वारा अधिनियम 1925 में संशोधन की मंजूरी दिए जाने के बाद उठाया गया।
हालांकि, एसजीपीसी ने संशोधन का कड़ा विरोध किया और पंजाब के मुख्यमंत्री पर धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया।
एसजीपीसी प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि शीर्ष गुरुद्वारा निकाय गुरबानी के सीधे प्रसारण के लिए 24 जुलाई को यूट्यूब चैनल की शुरुआत करेगी।
धामी ने बताया कि समिति ने ‘पीटीसी’ से करार किया था जो मौजूदा समय में स्वर्ण मंदिर से गुरबानी का प्रसारण कर रहा है और समझौते की मियाद 23 जुलाई को समाप्त हो रही है।
धामी ने कहा कि एसजीपीसी हरमंदिर साहिब से गुरबानी के सीधे प्रसारण संबंधी करार का विस्तार तीन और महीने करने के लिए पीटीसी से कहेगी।
उन्होंने कहा कि अपना उपग्रह चैनल शुरू करने के लिए एसजीपीसी युद्धस्तर पर काम कर रही है।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
